पृष्ठ

uttrakhand लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
uttrakhand लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 30 अप्रैल 2020

मेरी गंगोत्री यात्रा

हम यमुनोत्री यात्रा कर आगे उत्तरकाशी में रुकें। हमने यहां goibbo app की मदद से पहले ही एक होटल बुक करा लिया था। लेकिन वह होटल हमे काफी ढूंढने पर भी नही मिला, गूगल मैप से भी ढूंढा तब भी लोकेशन गलत ही बता रहा था। हमने काफी बार फ़ोन भी किया तब भी फ़ोन उठाया नही गया फिर मैंने दूसरे नम्बर से फ़ोन किया तब उन्होंने फ़ोन उठाया लेकिन रूम बुक होने से साफ इंकार कर दिया जबकि हमने goibbo को पैसे भी दे दिए थे। हमारे लगभग 2 घंटे उधर ऐसे ही खराब हो चुके थे। फिर हमने goibbo पर शिकायत कर दी और उत्तरकाशी से कुछ आगे गंगा किनारे एक होटल शिव गंगा व्यू में रूम ले लिया। कुछ देर बाद goibbo की तरफ से एक कॉल आयी और उन्होंने इस प्रकरण के लिए माफी भी मांगी तथा मेरे पैसे भी रिफंड करने का आश्वासन दिया।
यमुनोत्री यात्रा को पढने के लिए यहाँ पर क्लीक करे ....
 
गंगोत्री धाम ,उत्तराखंड 

30 मई 2019
अगली सुबह जल्दी ही आँखे खुल गयी क्योंकि रात जिस होटल में हम ठहरे थे, वह भागीरथी नदी(गंगा) के किनारे था और नदी की तरफ से आता जल का शोर सुबह सुबह बड़ा ही सुरीला लग रहा था। बाकी उठने में रही सही कसर प्रकृति के अलार्म ने पूरी कर दी थी? जी हां मैं बात कर रहा हूँ, उन पक्षियों जो कि सुबह से ही रूम के आस पास उड़ते हुए चहक रहे थे। कल रात हम नदी के किनारे जिन पत्थरों पर बैठे थे वो भी अब पानी मे डूब चुके थे इसका मतलब यह था कि आज नदी में पानी बढ़ गया था। होटल से सुबह के कई मनमोहक नज़ारे दिख रहे थे। सुंदर दृश्य जैसे बहता हुआ जल, पक्षियों की चहचहाना, सामने पहाड़ आदि यह सभी आनंद को दोगुना कर रहे थे और कल जो हमारे साथ goibbo होटल वाला प्रकरण हुआ उसे भी अब हम भुला चुके थे।
देवांग रूम की खिड़की से बाहर की तरफ देखता हुआ
भागीरथी नदी ,उत्तरकाशी

गंगोत्री के लिए प्रस्थान
सुबह होटल में ही नाश्ता किया, होटल की सर्विस भी अच्छी लगी और लगभग 7 बजे हम गंगोत्री यात्रा पर निकल पड़े। कुछ किलोमीटर चलने पर ही हमे एक चौकी पर रोक लिया गया, यहाँ पर चार धाम यात्री पंजीकरण भी हो रहा था लेकिन हमसे सिर्फ कार के कागज व कितने यात्री है साथ मे मेरा फ़ोन नम्बर लिया गया। अब हम यहाँ से आगे चल पड़े। सुबह- सुबह भी सड़क पर काफी गाड़िया जाती हुई दिख रही थी कुछ ही समय मे हम मनेरी पहुँच गए। मनेरी में भागीरथी नदी पर एक डेम बना है जिससे बिजली बनाई जाती है। मनेरी में देखने के लिए एक खेड़ी नाम से झरना भी है। मनेरी से तक़रीबन आठ किलोमीटर चलने पर सड़क मार्ग पर व गंगा किनारे एक बड़ा आश्रम बना है। जिसमे शिव आदि देवताओं की बड़ी बड़ी प्रतिमाएं लगी हुई थी। यहां पर लोग रुक कर फ़ोटो आदि ले रहे थे। यह पायलट बाबा का आश्रम नाम से प्रसिद्ध है। हम यहाँ नही रुके और मैं रास्तो के फोटो भी नही ले पा रहा था क्योंकि कार मैं ही चला रहा था। पायलट बाबा के आश्रम से 9km आगे चलने पर भटवारी नाम का कस्बा आता है। यहाँ पर कुछ होटल व दुकानें देखने को मिली। भटवारी से एक रास्ता बरशु के लिए चला जाता है। बरशु से ही आगे दायरा बुग्याल के लिए ट्रैकिंग की जाती है।
भटवारी से 16 km आगे गंगनानी जगह पड़ती है। यहाँ पर हमें काफी जाम मिला। गंगनानी से कुछ किलोमीटर पहले ही लोगो ने अपनी कार, बस आदि रोड के साइड में खड़ी की हुई थी इसलिए ट्रैफिक थोड़ा स्लो चल रहा था हमे लगभग आधा घंटा गंगनानी को पार करने में लग गया। हम गंगनानी जरूर रुकते लेकिन भीड़ व जाम की वजह से आते वक्त देखंगे यह डिसाइड हुआ। वैसे गंगनानी में गर्म पानी के कुंड है साथ मे एक दो मंदिर भी है। इसलिए यात्री गंगनानी जाते है। उत्तरकाशी से गंगनानी तक हम भागीरथी के किनारे किनारे बनी सड़क पर ही चल रहे थे। यह रास्ता बहुत सुंदरता समेटे हुए है। दूर तक फैली घाटी, नदी, जंगल पूरे रास्ते आपका साथ नही छोड़ते है। गंगनानी से कुछ आगे चलकर नदी का रास्ता छोड़ हमे ऊंचाई वाला व बहुत से मोड़ो वाले रास्ते पर चलना होता है। अब हम उसी रास्ते पर चल रहे थे। यह पहाड़ी ऊंचाई वाला रास्ता सुक्खी टॉप तक जाता है फिर हमे वापिस ऐसे ही रास्ते से नीचे भी उतरना होता है। इसका मतलब घाटी के बीच यह पहाड़ आ जाता है जिसको हमे पार कर फिर से घाटी में उतरना होता है। सुक्खी टॉप पहुँचने व वहाँ से उतरने तक हमे बहुत लंबा जाम मिला। लेकिन सुक्खी टॉप पर पहुँच कर और उधर से दिखती गंगा घाटी का सुंदर दृश्य सारी निराशा को दूर कर देता है। ऊंचे ऊंचे पहाड़ बीच से बहती गंगा नदी और दूर आखिरी में दिखते हिम शिखर। यह दृश्य हर किसी को अपनी तरफ आकर्षित कर रहे थे। सुक्खी टॉप से उतरने के बाद हम एक बार फिर भागीरथी नदी के साथ साथ चल रहे थे। लगभग 15 किलोमीटर आगे चलने पर देवदार के घने जंगल के बीच से एक रास्ता बाँये तरफ अलग चला जाता है यह रास्ता हर्षिल के लिए जाता है। हर्षिल वैली अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। एक पुरानी फ़िल्म राम तेरी गंगा मैली जिसे राजकपूर साहब ने बनाया था उसकी ज्यादातर शूटिंग भी यहाँ हर्षिल में ही हुई थी। साथ में हर्षिल वैली अपने सेब के लिए भी जानी जाती है।
सुक्खी टॉप पर लगा वाहनों का ट्रेफिक जाम

यह रास्ते कितने खूबसूरत है 
टॉप से दिखती हिमालय की पर्वत श्रेणी
सुक्खी टॉप से दिखती गंगा की घाटी 

चूंकि हमे गंगोत्री जाना था इसलिए हम आगे बढ़ गए। थोड़ी दूर चलते ही सड़क पर बहुत पानी बह रहा था साथ मे कई जगह से पानी आ रहा था। ट्रेफिक भी रुका हुआ था। एक तरफ का ही ट्रैफिक चल रहा था। इसी जगह पर थोड़ा पैदल चल कर एक वाटरफॉल भी है जिसको मंदाकिनी वाटर फॉल कहते है। अब मेरी तरफ वाला ट्रैफिक चल पड़ा था और मैंने इस उबड़ खाबड़ वाले रास्ते को बड़ी सावधानी से पार किया। कुछ आगे चलने पर बाँये तरफ नदी के दूसरी तरफ थोड़ा ऊँचाई पर एक सफेद मंदिर दिख रहा था। मैंने आगे एक जगह गाड़ी रोकी इस जगह का नाम धराली या धरली था इधर मेरे पूछने पर एक व्यक्ति ने बताया कि यह मंदिर जो आप देख रहे हो वह मुखबा गांव में है और जब शीतकालीन समय में गंगोत्री धाम के कपाट बंद हो जाते है तब यहाँ पर ही माँ गंगा की पूजा होती है। धराली से 14 किलोमीटर आगे चलने पर भैरोघाटी शुरू हो जाती है एक ब्रिज(भैरो ब्रिज) जो भागीरथी पर ही बना है उसको पार करते ही दाँये तरफ बाबा भैरो नाथ का प्राचीन मंदिर बना है, कहते है कि गंगोत्री धाम के साथ यहाँ भी दर्शन करने चाहिए। भैरो मंदिर से गंगोत्री धाम तक कि दूरी लगभग आठ किलोमीटर ही रह जाती है और यह आठ किलोमीटर का रास्ता बेहद खूबसूरत है। वैसे तो सुक्खी टॉप से ही गगनचुंबी हिमालय की चोटियों के बीच बीच में नयनाभिराम दर्शन होते रहते है लेकिन इस सड़क से हिमालय की चोटियां काफी नजदीक दिखती रहती है और अगर आपके हाथ में कैमरा है तब आप रुक कर जरूर इनका फोटो लेंगे।

धराली
मुकबा गाँव का गंगा मंदिर जहां पर शीतकाल में गंगा माँ की पूजा होती है 

गंगोत्री पहुँच गए..
कुछ ही समय बाद हम गंगोत्री धाम की पार्किंग में पहुँच गए, यहां से किसी भी वाहन को आगे जाने की इजाज़त नही थी। वैसे सीज़न के बाद आगे तक जाया जा सकता है। पार्किंग से 500 मीटर आगे एक बाजार चालू हो जाता है जिसमे दोनो तरफ दुकानें व कुछ भोजनालय भी बने है। ऐसी ही एक दुकान से हमने चाय व समोसे खाये। हमे लगभग 6 घंटे लगे उत्तरकाशी से गंगोत्री तक पहुँचने में क्योंकि हम लगभग 2 घंटे जाम में भी फंसे रहे थे। यही से एक रास्ता कुछ नीचे सूर्यकुंड की तरफ भी चला जाता है लेकिन पहले मंदिर दर्शन करेंगे फिर अन्य जगहों को देखेंगे। इसलिए हम पहले सीधा भागीरथी (गंगा) के घाट पर पहुँचे। इधर काफी लोग स्नान कर रहे थे। नदी का जल बहुत ठंडा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे अगर हम नहाए तो यहां पर ही जम जायंगे। मैंने बड़ी मुश्किल से अपना पैर जल में रखा थोड़ी ही देर में पैर ठंड की वजह से सुन्न सा पड़ गया लेकिन स्नान तो करना ही था इसलिए दो तीन मग्गे शुरू में अपने ऊपर डाला और हर हर गंगे बोल कर नदी में एक डुबकी लगा ही दी और बाहर आ गया फिर मैंने अपने बेटे को भी गंगा स्नान कराया। महिलाओं के लिए घाट पर कपड़े बदलने की व्यवस्था थी। स्नान करने के बाद हमने गंगा पूजा की और गंगोत्री मंदिर की तरफ चल पड़े। एक दुकान से प्रसाद भी ले लिया और कुछ सीढ़ियों को चढ़ते हुए मंदिर पहुँच गए।
गंगोत्री पहुचं गए उधर लगा एक बोर्ड जिस पर मंदिर की समय सारणी लिखी है 
गंगोत्री का बाज़ार 

हम पहले सीधा गंगा घाट पर पहुचें
गंगा जी में स्नान के बाद 
घाट से मंदिर तक कुछ सीढियों को चढ़ना होता है 
और पहुँच गए गंगोत्री धाम 

मंदिर पर पहुँचने पर देखा कि दर्शन के लिए तो बहुत लम्बी लाइन लगी है यदि लाइन में लगते है, तो कम से कम 2 घंटे से पहले नंबर नही आएगा। लेकिन जो यात्री जल्दी दर्शन करना चाहते है, उनके लिए विशेष दर्शनों(vip) की भी व्यवस्था है। उसके लिए 2100 रुपयों की पर्ची कटानी पड़ती है। एक पर्ची पर अधिकतम 6 लोग ही दर्शन कर सकते है। मैं भी vip दर्शन पर्ची काउंटर पर गया। उधर एक परिवार मिला जिसमे सिर्फ 4 लोग ही थे और हम 2 थे इसलिए हमने मिलकर एक ही पर्ची कटवा ली। जिसके लिए मैंने अपने 2 बंदों के हिसाब से उन्हें पैसे दे दिए। लगभग 10 मिनट बाद हमारा नम्बर आ गया और हमने मंदिर में प्रवेश किया। माँ गंगा को मन से नमस्कार किया, प्रसाद भी चढ़ाया और मंदिर के एक कोने में थोड़े समय के लिए बैठे रहे। कुछ समय बाद हम गंगोत्री मंदिर के अलावा अन्य मंदिर भी गए। फिर हम भागीरथी तपस्या शिला भी देखने के लिए गए, जिस शिला पर बैठ कर श्री राम के पूर्वज राजा भागीरथी ने शिव की कठोर तपस्या की और गंगा को अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए धरती पर लाये। यहां बैठे पंडित जी ने बताया कि सर्वप्रथम गंगा जी यही पर उतरी थी इसलिए इस जगह का नाम गंगोत्री पड़ा। कई हज़ार साल पहले गंगोत्री ग्लेशियर(गौमुख) यही तक था जो अब खिसकने के कारण 19 किलोमीटर पीछे हो गया है। जिसको आज गौमुख बोलते है।

मैं सचिन त्यागी अपने परिवार सहित गंगोत्री धाम पर 
अब चलते है भगीरथी तपस्या शिला देखने 
भगीरथी शिला 
भागीरथी शिला देखने के पश्चात हमने गंगा किनारे एक होटल में खाना खाया और आगे सूर्यकुंड व गौरीकुंड देखने के लिए चल पड़े। सबसे पहले सूर्यकुंड आता है, सूर्यकुंड को पहली ही नज़र से देखना बेहद ही रोमांचित करने वाला अहसास होता है। सूर्यकुंड के खास तरह के पत्थरों व उन पर जल के कटाव के निशानों में से पूरी भागीरथी नदी को एक धारा के रूप में निकलते देखना बड़ा ही अच्छा लगता है। यहां पर नदी बहुत शोर करती हुई और गहराई में बहती है। कहा जाता है कि राजा भगीरथ ने इस जगह पर सूर्य को जल अर्पित किया था इसलिए आज भी गंगा नदी सूर्य को नमस्कार करती हुई सी प्रतीत होती दिखती है। सूर्य कुंड से कुछ दूरी के फासले पर ही गौरीकुंड है। गौरीकुंड कोई कुंड नही है लेकिन यहाँ पर गंगा नदी बहुत नीचे गहराई में बहती दिखती है कहा जाता है कि जब गंगा धरती पर बड़े वेग से उतरी तब शिव ने गंगा को अपनी जटाओं में बांध लिया और अपनी एक जटा यही गौरीकुंड में खोली जिससे गंगा आराम से धरती पर उतरी।

गंगोत्री का सुन्दर दर्शय
खाने की प्रतिक्षा करते हुए 
एक पुल पर देवांग 
सूर्यकुण्ड
गौरीकुंड के रास्ते पर 
गौरीकुंड 

गंगोत्री धाम के बारे में..
गंगोत्री उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्तिथ है। गंगोत्री धाम समुन्द्र तल से 3140 मीटर की ऊंचाई पर स्तिथ है। पुराणों व अन्य धार्मिक ग्रंथों में इस धाम की महिमा वर्णित है। राजा भगीरथ ने इसी जगह पर 5500 वर्षो तक तपस्या कर गंगा मैया को नदी के रूप में उतरने के लिए प्रसन्न किया था। हर साल गंगोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खोले जाते है तथा कार्तिक के महिने में दीपावली के दिन बंद कर दिए जाते है। फिर शीत काल मे गंगा जी की पूजा मुखबा गांव में की जाती है। गंगोत्री मंदिर का निर्माण गोरखा कमांडर अमर सिंह थापा द्वारा 18 वी शताब्दी के शुरूआत में किया गया था तथा वर्तमान मंदिर का पुननिर्माण जयपुर के राजघराने द्वारा किया गया। गंगोत्री के आसपास से आसमान छूते पर्वत मेरू, सुमेरु, शिवलिंग, सुदर्शन, चतुर्भुज आदि अनेक बहुत से पर्वत व चोटियों दिखती है। साथ ही यह देवदार, भोज वृक्ष के जंगल के बीच स्तिथ एक सुंदर घाटी है। गंगोत्री से ही गौमुख व तपोवन की ट्रेकिंग की शुरुआत होती है। गंगोत्री में यात्रियों को रुकने के लिए बहुत से होटल व धर्मशाला है।
गंगोत्री धाम से हम शाम के 5 बजे वापिस चल पड़े। हमने सोचा कि आज हर्षिल या धराली रुकेंगे। हम भैरो घाटी स्तिथ भैरो मंदिर भी गए। फिर हम हर्षिल गए। काफी होटल देखे लेकिन यहा कही भी होटल नही मिला इसलिए हर्षिल से वापिस उत्तरकाशी की तरफ चल पड़े। बीच मे एक दो जगह कुछ होटल देखे भी लेकिन कही पसंद नही आता तो कही रूम फुल मिलते। सुक्खी टॉप पर भी होटल का पता किया लेकिन वहां भी सभी रूम फुल मिले। गंगनानी से पहले बहुत लंबा जाम मिला हम एक ही जगह पर लगभग एक घंटे से अधिक समय तक रुकें रहे। लग रहा था जैसे यह जाम अब नही खुलेगा और हमे रात सड़क पर ही गुजारनी पडेगी। अब रात भी हो चुकी थी। फिर जाम खुला और हम लगभग रात के 10:30 पर गंगनानी पहुँचे और थोड़ा आगे जाकर एक होटल में रूम लेकर सो गए।

इस यात्रा के अन्य भाग पढने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करे

शनिवार, 25 अप्रैल 2020

मेरी यमुनोत्री यात्रा (दिल्ली से जानकीचट्टी)

दिल्ली से जानकी चट्टी


गंगोत्री और यमुनोत्री जाने की चाह काफी दिनों से थी और कई बार जाने का प्लान बना भी लेकिन कभी प्लान कैंसिल हो जाता तो कभी कही अन्य जगह चला जाता। अप्रैल 2019 में मैंने नई कार खरीदी और सोचा कि चलो इसको ही लेकर कहीं सैर पर चला जाया जाए लेकिन जाया जाए तो कहां? फिर मन में ख्याल आया कि क्यों ना गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा पर ही चला जाए वैसे भी मैं वहां गया नहीं हूं और काफी सालों से जाने की सोच भी रहा हूं। मैंने सोचा क्यों ना परिवार के साथ ही इस यात्रा को किया जाए। मेरे बेटे देवांग की स्कूल की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां हो जाने के बाद जाने का निर्णय किया गया। वैसे तो मई-जून में चार धाम यात्रा की भी शुरुआत हो जाती है और उत्तराखंड के सभी धामो पर पूरे इंडिया से दर्शन के लिए यात्री आते हैं और काफी भीड़ भी हो जाती है। वैसे गंगोत्री व यमुनोत्री व अन्य धाम पर आने का सबसे अच्छा मौसम सितंबर अक्टूबर से लेकर दिवाली तक का होता है। क्योंकि तब बारिश भी कम होती है और भीड़ भी कम मिलती है। लेकिन ज्यादातर लोग फैमिली संग घूमने जाते है इसलिए वो बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों में ही पहाड़ी प्रदेशों की तरफ निकलते है। और एक बात जब मैं छोटा था और किसी से गंगोत्री आदि जगहों के किस्से सुना करता था उसके बाद गंगोत्री और यमुनोत्री जाने का ख्याल जब भी मन में आता था तो कुछ दृश्य मेरे मन मस्तिक में आने लगते थे जैसे कि वहां का वातावरण कितना स्वच्छ होगा, बर्फ के पहाड़ काफी नज़दीक दिख रहे होंगे, आसपास घने जंगल होंगे, चारो तरफ शांति होगी और नदी में शीतल जल बह रहा होगा। 

28 मई 2019
जल्द ही वह दिन आ गया जिस दिन हमे अपनी यात्रा पर निकलना था। सुबह जल्दी उठकर हम तकरीबन सुबह 4:30 पर अपने घर से गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा के लिए निकल पड़े। अपने कार्यक्रम के अनुसार हमे पहले यमुनोत्री जाना था और फिर गंगोत्री। कार में बैठते ही गूगल मैप किया तो मैप ने हमें बताया कि जानकीचट्टी पहुँचने के लिए लगभग 10 घंटे का समय लगेगा जो कि दिल्ली से 405 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। गाड़ी का फ्यूल टैंक मैंने रात को ही फुल करा लिया था और सभी सामान भी रात को ही कार में रख दिये थे जिससे सुबह ज्यादा समय खराब ना हो और हम जल्दी से निकल चले। अभी सड़क खाली ही थी कुछ ट्रक तो कुछ गाड़ी ही रोड पर दिख रही थी। मुरादनगर पार करने के बाद गंग नहर के साथ वाले रास्ते से चल पड़े। अभी चारो तरफ अंधेरा ही था और इसी अंधेरे को चीरते हुए हम आगे बढ़ रहे थे। खतौली के आसपास पहुँचे तो हल्की हल्की रोशनी चारो तरफ फैल चुकी थी। खेत खलियान देख कर मन आनंदित हो गया था। मुजफ्फरनगर होते हुए हम देवबंद पहुँचे। पहले देवबंद से सहारनपुर रोड काफी खराब हुआ करता था लेकिन यह रास्ता अभी कुछ साल पहले से बहुत बेहतरीन बन चुका है इसलिए हम इसी रास्ते पर आगे का सफर तय करेंगे। हम देवबंद से आगे गागलहेडी होते हुए छुटमलपुर पहुंचे। छुटमलपुर से यह रास्ता बिहारीगढ़ होते हुए देहरादून के लिए चला जाता है। लेकिन हमें हरबर्टपुर जाना था इसलिए हम छुटमलपुर से बांये तरफ जाती सड़क पर मुड गए। इसी रास्ते पर आगे बेहट नाम का कस्बा आता है यही से एक रास्ता माता शाकुंभरी देवी के लिए अलग हो जाता है। लेकिन हम आगे हरबर्टपुर की तरफ चल पड़े। यह रास्ता छोटे-छोटे गांव से होते हुए जा रहा था। दोनों तरफ खेत तो कभी जंगल ही दिखाई पड़ रहे थे। ऐसे रास्तो पर गाड़ी चलाना बहुत आनंद देने वाला होता है। कुछ घंटे सफ़र करने के बाद हम एक मोड़ पर पहुँचे जिधर से हरबर्टपुर की दूरी मात्र 7 किलोमीटर ही रह गयी थी और इधर से एक रास्ता पौंटा साहिब की तरफ भी रहा था। वैसे यह पौंटा रोड भी मेरा देखा हुआ है क्योंकि जब मैं रेणुका जी से ऋषिकेश गया था तब इसी रास्ते से आया था। खैर हम हरबर्टपुर की तरफ मुड़ गए। हरबर्टपुर उत्तराखंड का एक छोटा व अच्छा शहर है और आसपास के गांव आदि से काफी लोग यहां पर अपनी जरूरत का सामान आदि की शॉपिंग करने के लिए आते हैं। यहां पर कुछ समय रुक कर हमने फल भी खरीदे। हरबर्टपुर से कुछ किलोमीटर आगे डाकपत्थर नामक जगह पड़ती है यहां से एक रास्ता कलसी होते हुए उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन चकराता के लिए चला जाता है। लेकिन हमें यमुनोत्री मार्ग पर ही चलना था इसलिए हम सीधा ही चलते रहे। मैंने गाड़ी का मीटर देखा तो पता चला की हम दिल्ली से अब तक 265 किलोमीटर चल चुके थे जो हम ने लगभग 5 घंटे में ही तय कर लिया था और अब हमें जानकीचट्टी तक के लिए तकरीबन 140 किलोमीटर और चलना था लेकिन आगे के यह 140 किलोमीटर पूरे पहाड़ी रास्ते पर ही तय करने होंगे और जिसमें हमें लगभग 5 घंटे का समय लगना था।
अब भूख जोरो से लग चली थी इसलिए एक भोजनालय देख कर हम रुक गए और भोजन किया गया। राजमा चावल व चपाती आर्डर कर दी गयी। खाना खाने के बाद पेट को खुराक मिल गयी थी और आगे बढ़ने के लिए ऊर्जा भी। अब आगे पहाड़ी रास्ता शुरू हो चुके थे। कार इन बलखाते ठेढ़े मेढ़े रास्तो पर मंद मंद चल रही थी, यह पहाड़ी रास्ते काफी सुंदर होने के साथ खतरनाक भी होते है इसलिए हमें ध्यान से वाहन चलाना चाहिए। हमें ट्रैफिक शून्य के बराबर ही मिल रहा था। इसी रास्ते पर हम एक मोड़ पर पहुंचे जहां से एक रास्ता केम्पटी फॉल व मसूरी के लिए चला जाता है। जो लोग देहरादून की तरफ यमनोत्री के लिए आते है, वह मसूरी होते हुए इस रास्ते से ही आते है। और कुछ लोग जो हरिद्वार ऋषिकेश से यमनोत्री गंगोत्री जाते है वह टिहरी, चंबा व धराशु बैंड होते हुए जाते है। कुछ किलोमीटर चलने पर ही यमुना नदी पर बना एक पुल पड़ा जिसको युमना ब्रिज बोला जाता है। इधर कुछ चाय पानी की दुकान भी बनी हुई है। हम कुछ देर यमुना ब्रिज पर रुके यहां से यमुना नदी का दृश्य देखना बड़ा अच्छा लगता है। आप लोग भी जब भी इस रास्ते से आये तो इधर जरूर रुकना। इधर से कुछ लोग यमुना नदी के तट पर नीचे भी जा रहे थे। जहाँ वह बड़े बड़े पत्थरों पर बैठ कर फ़ोटो भी खिंचवा रहे थे। लेकिन हम नीचे नही गए और आगे की तरफ बढ़ चले कुछ किलोमीटर चलने के बाद नैनबाग नामक एक जगह आती है। मैं इस सड़क पर आखिरी बार यहां तक ही आया था, जब मैं अपने एक दोस्त मुसाफिर नीरज कुमार के साथ नाग टिब्बा यात्रा पर आया था। तब मैं यहां नैनबाग से पंथवाड़ी गांव वाले रास्ते पर गया था। पंथवाड़ी से ही हमने नाग टिब्बा ट्रैक किया था। आज मुझे एक बार वही ट्रैकिंग फिर से याद आ गयी थी। हम नैनबाग से आगे पड़े आगे रोड पर काम भी होता दिख रहा था। अब हम एक इतनी ऊंचाई पर चल रहे थे जिधर से यमुना नदी हमे बहुत नीचे बहती दिख रही थी। पहाड़ी रास्ते पर काफी मोड़ होते हैं जिस कारण गाड़ी उतनी गति नहीं पकड़ पाती है और आराम से चलानी होती है। अब रास्ते में छोटे-छोटे गांव भी दिख रहे थे जिसमें कुछ लोग हमें खेती करते हुए भी दिख रहे थे। कुछ पालतू जानवर भी सड़क पर दिख जा रहे थे। अब मौसम कुछ सुहाना व हवा ठंडी हो चली थी। दोपहर के लगभग 1:00 बजे के आसपास हम उस स्थान पर पहुंचे जहां से एक रास्ता लाखामंडल के लिए अलग हो जाता है यहां से लाखामंडल 5 किलोमीटर दूरी मात्र पर ही रह जाता है हम लाखामंडल नहीं गए क्योंकि हमें आज जानकीचट्टी तक जाना था। जिसका रास्ता अभी भी 3 घंटे का बाकी रह गया था और उधर पहुँचने पर रात में रुकने के लिए होटल भी ढूंढ़ना था। लाखामंडल जगह को महाभारत से जोड़ा जाता है कहा जाता है कि पांडवों को यहीं पर लाख के बने महल में मारने की कोशिस की गई थी। कहते है वो लाक्षागृह यहाँ पर ही था। लकिन कुछ लोग बरनावा (मेरठ के नजदीक ) को ही असली लाक्षाग्रह मानते है क्योंकि उधर आज भी गुफा मौजूद है . 
                  इधर ही रुक कर खाना खाया था 
    यमुना ब्रिज

                   सड़क से दिखती यमुना नदी

रास्तो को देखते हुए और बातें करते हुए हम बरकोट पहुँच गए.बरकोट एक बड़ा क़स्बा है और काफी होटल आदि की यहां सुविधा है बरकोट से बर्फ के पहाड़ भी दिखने चालू हो जाते है। बरकोट में चार धाम यात्रा पंजीकरण केंद्र भी है। जो सड़क पर ही था जिस पर काफी भीड़ भी थी। हम तो ऐसे ही आगे बढ़ गए बस एक नाके पर कार का नंबर व कितनी सवारी है यह जरूर जांचा व लिखा गया। बरकोट से एक रास्ता धरासू बैंड होते हुए उत्तरकाशी व आगे गंगोत्री के लिए भी चला जाता है और दूसरा रास्ता यमनोत्री के लिए जिस पर हम चल रहे थे अभी जानकी चट्टी तकरीबन 46 किलोमीटर दूर रह गयी थी। अब युमना नदी हमारे बांये हाथ की तरफ बह रही थी। बरकोट से कुछ दूर चलने पर स्यानाचट्टी नामक जगह आती है इधर कुछ होटल बने हुए थे। अब हमें चार धाम रोड परियोजना के तहत काम होता दिख रहा था जिसके कारण जानकी चट्टी तक ही सारा रास्ता खराब मिलना तय था। हम आराम आराम से गाड़ी चलाते हुए आगे बढ़ रहे थे। स्यानाचट्टी से कुछ दूरी पर रानाचट्टी और उससे कुछ आगे दूरी चलने पर हनुमान चट्टी नामक जगह आती है इन सभी जगहों पर भी लोगों के रुकने के लिए होटल लॉज व धर्मशालाएं उपलब्ध हैं। हमने एक दो जगह रुकने के लिए पूछा भी लेकिन ज्यादातर सभी होटल्स फुल थे। हनुमान चट्टी से कुछ किलोमीटर आगे चलकर फूलचट्टी नामक जगह आती है। पहले यहीं से यमुनोत्री धाम की पैदल यात्रा हुआ करती थी लेकिन अब सड़क आगे जानकीचट्टी तक बन चुकी है इसलिए श्रद्धालु लोग सीधा जानकीचट्टी ही पहुंचते हैं। हम तकरीबन 3:15 पर जानकीचट्टी पहुंच चुके थे। जानकीचट्टी में काफी चहलकदमी दिख रही थी। काफी सारे होटल, धर्मशाला, दुकाने आदि दिख रही थी। सर्वप्रथम हमने एक दो जगह होटल देखें और फिर जहां से यमनोत्री के लिए पैदल यात्रा स्टार्ट होती है उसी के पास हमें एक होटल ले लिया, होटल का नाम चौहान होटल था। होटल वाले ने 2500 मांगे और 2000 रुपये फाइनल बोल दिए। हमने उसी होटल में रूम ले लिया क्योंकि होटल में पार्किंग की सुविधा भी थी। फिर मैंने गाड़ी को होटल की पार्किंग में लगाया फिर अपना सारा सामान रूम में ले जाकर रख दिया। होटल में भी भोजन मिलता है लेकिन हमने पास में ही बने एक भोजनालय में जाकर खाना खाया। उधर सभी का लगभग थाली का एक ही रेट होता है हमे 100 रुपये प्रति थाली मिली जिसमे तीन सब्जी और चावल व रोटी होती है। खाना खाने के उपरांत हम थोड़ा पैदल इधर उधर घूमते रहे। जानकी चट्टी के निकट घनसाली गांव स्तिथ है घनसाली में एक मंदिर है जिसमे माँ यमुना शीतकालीन निवास करती है और गांव के ही पंडित उनकी पूजा करते है। जानकी चट्टी से दिखते हुए गगनचुंबी व बर्फ से ढँके पर्वत बहुत सुंदर दिख रहे थे। कुछ ही देर बाद यहां पर बारिश चालू हो गई वैसे यह बारिश ज्यादा देर नहीं चली। फिर भी मुझे बारिश और सामने बर्फ के पहाड़ व ऊँचाई की वजह से यहां पर काफी ठंड लगने लगी थी मुझे तुरंत ही अपनी जैकेट निकालनी पड़ी और अपने बेटे को भी जैकेट पहना दी। आप भी यमनोत्री किसी भी मौसम में आये रेनकोट व गर्म कपड़े अवश्य लेकर आये।
             यमुना पर बना एक अन्य ब्रिज 
बरकोट से थोडा आगे एक जगह यमुना के किनारे थोड़ी समय के लिए रुंके

जानकी चट्टी पहुँच गए .
 जानकी चट्टी से दिखती हिमालय पर्वत की कुछ की चोटियाँ


जानकीचट्टी से ही यमुनोत्री धाम के लिए पैदल यात्रा करनी होती है जो कि 6 किलोमीटर की होती है कुछ लोग जो पैदल ना जाना चाहें उनके लिए घोड़े/खच्चर व कुछ लोगो के लिए पालकी, छोटे बच्चों के लिए पिट्ठू की सुविधा भी यहां पर उपलब्ध होती है। यहां पर हमें कुछ दर्शन करके आते हुए यात्री मिले उन्होंने बताया की बहुत भीड़ थी ऊपर काफी समय भी लगा दर्शन करने में। उन्होने सलाह भी दी कि आप सुबह जितना जल्दी हो सके उतनी जल्दी यात्रा प्रारंभ कर देना जिससे आप जल्द व आराम से दर्शन कर सके। उन्होंने बताया कि उनको चढ़ाई भी ज्यादा लगी इसलिए आप घोड़ो पर ही जाए तो बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की तादात ज्यादा होने के कारण रास्ते में जाम भी लग जाता है। मेरा मन तो पैदल ही यात्रा करने का था लेकिन बेटे और श्रीमती के कहने पर घोड़े पर चलने को स्वीकार कर ही लिया। फिर एक घोड़े/खच्चर वाले से बात हुई उसने 1100 रुपये प्रति व्यक्ति का बोल दिया मंदिर तक आने जाने के। हमने उसको होटल का नाम व रूम नम्बर बता दिया व उसका नम्बर भी ले लिया और साथ मे बोल भी दिया कि वह सुबह 4:30 तक जरूर आ जाये। उससे बात कर हम होटल की तरफ चले गए



                   खरसाली गाँव का एक मंदिर 
                           एक अन्य मंदिर


इस यात्रा के अन्य भाग पढने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करे








गुरुवार, 2 अप्रैल 2020

औली की सैर

औली यात्रा भाग 04

पहला भाग 01 पढ़े
04 नवंबर 2019
कल हम बद्रीनाथ में ही रुक गए थे और हमने snowfall होता हुआ भी देखा था। आज सुबह आराम से उठे। उठते ही रूम की खिड़की खोली तो मौसम साफ था धूप निकल रही थी। होटल के दिखता नीलकंठ पर्वत चमक रहा था साथ मे कुछ और पर्वत जो कल हरे भरे दिख रहे थे आज वो भी सफ़ेद हो चुके थे। मैं नहा धोकर होटल में बने रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुँच गया कुछ देर बाद सभी लोग आ चुके थे। सभी ने नाश्ता किया और होटल का हिसाब चुकता कर आगे के सफर पर बढ़ गए। बद्रीनाथ जी से 12 km चलकर जोशीमठ के रास्ते के बीच एक हनुमान जी का मंदिर पड़ता है जिसको हनुमान चट्टी जगह बोला जाता है यहां पर हमने रुक कर प्रसाद चढ़ाया और चल पड़े जोशीमठ की तरफ कुछ समय बाद हम जोशीमठ पहुँच चुके थे। हमे औली जाना था जो जोशीमठ से तकरीबन 12 या 13 किलोमीटर दूर पड़ता है




सुबहे उठा तो नीलकंठ पर्वत चमक रहा था। 

होटल से दिखता बद्रीनाथ व बर्फ से ढंकी पहाड़ियाँ 

होटल जिसमे हम कल रुकें थे। 

बद्रीनाथ से चल दिए। 

हनुमान मंदिर, हनुमान चट्टी 

विष्णु प्रयाग 

औली से कुछ पहले 
औली पहुंच गए 
औली शीतकालीन खेलों के लिए विश्व प्रसिद्ध जगह में से एक है जहां पर स्किंग व अन्य खेल होते है। हम लगभग रुकते रुकते 40 मिनिट में औली पहुँच गए। इधर से बहुत सारे बर्फ से ढके पर्वत दिख रहे थे और जो ऐसे पर्वत थे जो हमे कार्तिकेय स्वामी से नही दिख रहे थे। इन पर्वतों में हाथी घोड़ी पर्वत, नंदा देवी पर्वत, द्रोणागिरी, कॉमेट, नीलकंठ पर्वत आदि मुख्य थे और अन्य पर्वत भी साफ दिखाई दे रहे थे जिनका मुझे नाम भी नही पता था। यह जगह बहुत ही शानदार व सुंदर जगह है। यहां पर दो प्रकार के उड़न खटोला (केबल कार) भी चलते है। जिसमें आप सवार होकर औली पहुँच सकते है। पहला केबल कार जिससे आप सीधे जोशीमठ से ही आना जाना कर सकते है उसके लिए आपको 1200 रुपये प्रति व्यक्ति देना होगा। दूसरी केबल चेयर जो औली से ही मिलती है इसमें आना जाना 500 रुपये प्रति लोगों का लगता है। यह तकरीबन एक किलोमीटर लंबी यात्रा होती है।
हम लोग औली पहुँच कर एक पार्किंग में गाड़ी खड़ी करके आगे चल दिये। आगे हमे एक मैदान में पहुँचना था इस के लिए दो विकल्प है एक पैदल का रास्ता दूसरा केबल चेयर का हमने दूसरा विकल्प चुना और केबल चेयर पर बैठ गए। चार कुर्सी के साथ जुड़ी होती है जो एक तार पर चलते रहती है। कुछ ही समय बाद यह चल पड़ी। एक और बात इसमे बैठने से पहले ही अपने सभी कीमती सामान आदि को संभाल के पकड़ लेना चाहिए क्योंकि अगर आपका समान गिर गया तो वह आपको नही मिल पाएगा क्योंकि यह ऊपर नीचे, दाँय बांये से एक दम खुली हुई है कोई प्रॉटेशन नही होती है। हम औली के उस मैदान में पहुँचे जो विश्व प्रसिद्ध है। अभी कुछ दिन बाद इधर बहुत बर्फ पड़ जाएगी लेकिन अभी इधर कोई बर्फ नही थी। बाकी औली में इस मैदान के अलावा और कुछ नहीं है, यह एक ढलान नुमा मैदान है इसलिए स्कींग इधर होती है। हम औली में स्किंग सीख भी सकते है। यहां पर एक होटल gmvn का है और क्लिफ टॉप नाम का रिसोर्ट बना हुआ है। लेकिन इधर प्राकृतिक सुंदरता बहुत है इधर से हिमालय के सुंदर नज़ारे बेहद नजदीकी से देख सकते हैं। कुछ दूरी पर देवदार के पेड़ों का जंगल भी दिख रहा था। हम थोड़ा चल कर जंगल के पास पहुँच गए। उधर कुछ दुकाने भी बनी हुई थी ऐसी ही एक दुकान से हमने मैगी बनवा ली। इस जंगल के बीच एक बुग्याल भी है। बुग्याल मतलब एक घास का मैदान होता है। जो 3km आगे जंगल को पार करने के बाद आता है। सभी उसको गुरसो बुग्याल बोल रहे थे। ललित उधर जाना चाहता था लेकिन पता नही क्यो पर मेरा मन बुग्याल जाने को नही हो रहा था। लेकिन फिर मैंने गुरसो बुग्याल जाने का मन बना लिया। ललित चार घोड़े तय कर के ले आया, घोड़े वाले हमे 700 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से गुरसों बुग्याल तक घुमा कर लेकर आयंगे। यदि हम पैदल भी जाना चाहते तब भी आराम से जा सकते थे क्योंकि यह 3 किलोमीटर का रास्ता बिल्कुल भी कठिन नही था और आराम से एक घंटे से पहले ही बुग्याल तक पहुँचा जा सकता था। लेकिन हमारे पास समय कम होने के कारण हमने घोड़े पर ही जाने का निर्णय किया और हम कुछ ही समय बाद गुरसो बुग्याल पहुंच गए। घोड़े वालो ने हमे नीचे उतार दिया।
औली पहुँच पहले गाड़ी पार्किंग में लगाई। 

चारो दोस्त केबल चेयर पर बैठ कर औली के उस मैदान में पहुँचे जो विश्व विख्यात है अपनी सुंदरता के लिए। 

अंकित ,अमित ,ललित और मैं सचिन 

कैप्शन जोड़ें



ललित 
घोड़ो पर सवार हम चले गुरसों बुग्याल। 
गुरसों बुग्याल 
यह एक बड़ा बुग्याल था जैसे रानीखेत में गोल्फ कोर्स मैदान दिखलाई देता है यह उससे भी बड़ा है इधर से नंदा देवी पर्वत को देखना और भी सुंदर लग रहा था। मैं तो कुछ देर सिर्फ और सिर्फ हिमालय के पर्वतों की तरफ ही सम्मोहित हो गया था। कुछ ही दिन बाद यहां पर काफी बर्फ पड़ जाएगी है तब इधर आना मुश्किल हो जाएगा। एक व्यक्ति जो यहा गाइड का काम करता है उसने हमें बताया कि इस बुग्याल से आगे एक छोटा सा पानी का कुंड भी है जिसको लोग देखने जाते है। बुग्याल से कुछ अंग्रेज ट्रैवलर आगे भी जा रहे थे। जिनके पोर्टर से मुझे पता चला कि वह आगे कहीं ट्रैक के लिए जा रहे हैं वैसे इस बुग्याल से नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान 40किलोमीटर दूर है। शायद यह ग्रुप उधर ही जा रहा होगा। हमने बुग्याल में तकरीबन एक घंटा बिताया और वापस घोड़ों पर बैठकर औली आ गए। जिससे हमने मैग्गी खाई थी उसको मैगी के पैसे देकर वापिस केबल चेयर की तरफ बढ़ गए और फिर केबल चेयर (केबल कार ) से वापिसी करते हुए gmvn की बनी पार्किंग में पहुंच गए। जहां से हम अपनी गाड़ी में बैठकर शाम तक बिरही (चमोली) पहुँच गए। रात को यहां पर रुकने के बाद अगले दिन 5 nov को हम सुबह अपने घर दिल्ली के लिए निकल चले और हरिद्वार से होते हुए रात को तकरीबन 8:30 बजे दिल्ली पहुंच गए।
गुरसों बुग्याल और पीछे नंदा देवी पर्वत। 

नंदा देवी पर्वत 

शायद हाथी घोड़ी पर्वत है 

द्रोणागिरी पर्वत 


हाँ यही है नंदा देवी पर्वत 





<<<<<यात्रा समाप्>>>>>
पिछ्ला भाग पढ़े
भाग 01
भाग 02
भाग 03